सीतामढ़ी ।। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकी नवमी के अवसर पर सीतामढ़ी जिला स्थित पुनौराधाम में ‘सीतामढ़ी महोत्सव-2026’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया
सीतामढ़ी महोत्सव-2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मेरे लिए गौरव का पल है कि मां सीता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बनकर आज माता सीता की जनस्थली पुरौनाधाम आया हूं. जानकी नवमी के अवसर पर मां सीता की जन्मस्थली पर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है. माता जानकी के जन्मस्थली पुनौराधाम को पूर्ण रुप से विकसित किया जा रहा है. पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यहां भूमि पूजन करने आए थे, उससे पहले यहां सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई थी लेकिन भूमि पूजन के समय बारिश शुरु हुई और लगातार बारिश होती रही. आज से हजारों वर्ष पहले अकाल पड़ा था तब मां जानकी का यहां जन्म हुआ था. इस इलाके में अच्छी बारिश हुई और चारों ओर खुशहाली का माहौल हो गया था. मां सीता के जन्म स्थान को पूर्ण रुप से विकसित करने का कार्य किया जा रहा है, इसको लेकर अभी हमलोगों ने समीक्षा बैठक की है. पहले जून 2029 में इसे पूर्ण विकसित करने का लक्ष्य था लेकिन हमने इसे 31 दिसंबर 2028 तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है.
